सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए 40 वर्षीय नरेंद्र कुमार रजक के परिजनों ने दुख की इस घड़ी में मानवता की मिसाल पेश करते हुए उनके अंगदान का निर्णय लिया है। शहर दमोहनाका स्थित निजी हॉस्पिटल में भर्ती नरेंद्र कुमार को चिकित्सकों की टीम ने ब्रेन डेड घोषित किया है। उनके परिजनों की सहमति से अंगदान की प्रक्रिया शुरू की गई। जिसके बाद देर रात्रि को मरीज का हार्ट और लीवर चार्टर्ड प्लेन से गुजरात भेजा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नरेंद्र कुमार रजक पिता स्वर्गीय ओंकार प्रसाद रजक, निवासी 1728, गुप्तेश्वर वार्ड, राम किराना के पास, कृपाल चौक, जबलपुर को 31 अक्टूबर 2026 को सड़क दुर्घटना के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी हालत अत्यंत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें ब्रेन डेड घोषित कर दिया। इस कठिन परिस्थिति में परिजनों ने अपने प्रियजन के अंगदान का निर्णय लेकर दूसरों को जीवन देने का संकल्प लिया है। अंगदान के लिए शासन द्वारा अधिकृत एजेंसियों से स्वीकृति प्राप्त सभी आवश्यक कार्य किये गए।
अंगदान करने वाले को गॉड ऑफ ऑनर देने की मांग:-
इस संबंध में जिला कलेक्टर को आवेदन प्रस्तुत कर नरेंद्र कुमार रजक को अंगदान के उपरांत शासन के नियमानुसार गॉड ऑफ ऑनर से सम्मानित करने की मांग की गई है।
आवेदन में कहा गया है कि अंगदान करने वाले व्यक्ति का यह निर्णय समाज के लिए प्रेरणादायी है। ऐसे महान कार्य को सम्मान देकर शासन न केवल अंगदाता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करेगा, बल्कि समाज में अंगदान के प्रति जागरूकता और सकारात्मक सोच को भी प्रोत्साहित करेगा।
एक निर्णय, कई जिंदगियों में उम्मीद:-
अंगदान किसी व्यक्ति के जीवन का अंतिम अध्याय नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों के जीवन में नई शुरुआत का माध्यम बन सकता है। नरेंद्र कुमार रजक के परिजनों का यह निर्णय बताता है कि अपनों को खोने के असहनीय दुख के बीच भी मानवता और सेवा का भाव जीवित रह सकता है।
अंगदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने और ऐसे निर्णय लेने वाले परिवारों को सम्मान देने से अधिक से अधिक लोग इस पुनीत कार्य के लिए आगे आ सकते हैं। नरेंद्र कुमार रजक का अंगदान का निर्णय निश्चित ही समाज को मानवता, संवेदना और जीवन बचाने का संदेश देगा।
