आज जबलपुर में तेज आंधी-तूफान के कारण बरगी डैम में हुए दुखद क्रूज हादसे को लेकर स्थानीय प्रशासन एवं रेस्क्यू फोर्स का ऑपरेशन लगातार जारी है।
त्वरित बचाव कार्य से 15 नागरिकों को सकुशल बचा लिया गया है। जो लापता हैं, उन्हें जल्द से जल्द ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है।
बरगी बांध में क्रूज में कुल 29 यात्रियों के टिकट जारी किए गए थे। इनमें से 15 व्यक्तियों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि 4 व्यक्तियों की मृत्यु की पुष्टि हुई है। शेष व्यक्तियों की तलाश एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।
घटनास्थल पर जबलपुर कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के साथ एसडीआरएफ तथा अन्य बचाव दल मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्य सतत रूप से संचालित किए जा रहे हैं।
इस हादसे में जो जनहानि हुई है, वह अत्यंत पीड़ादायक है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।
मृतकों के परिवारजनों को राज्य शासन की ओर से ₹4-4 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह डुमना एयरपोर्ट से सीधे पहुँचे बरगी बांध. बचाव कार्य का लिया जायजा. मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता. जबलपुर - लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने बरगी डेम में क्रूज पलटने की घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। घटना की सूचना मिलते ही श्री सिंह डुमना एयरपोर्ट से सीधे मौके पर पहुँचे तथा राहत और बचाव कार्य का जायजा लिया। श्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों को सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाने के निर्देश दिए। लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुये मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। श्री सिंह ने बताया कि क्रूज में 29 यात्री सवार थे, जिनमें से 15 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि 4 मृतकों के शव बरामद किए गए हैं। शेष की तलाश का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने घटना को अत्यंत गंभीर बताते हुए कहा कि राहत एवं बचाव कार्य पूर्ण होने के पश्चात घटना की विस्तृत जांच कराई जाएगी। उन्होंने सुरक्षित बचाये गये यात्रियों के समुचित उपचार के निर्देश दिये। लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह के साथ सांसद श्री आशीष दुबे, विधायक श्री नीरज सिंह, विधायक श्री संतोष वरकड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा मुकेश गोंटिया भी मौके पर मौजूद हैं।




