भोपाल। लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश ने राज्य के सांदीपनि विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों की बेहतर देखभाल एवं व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। संचालनालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रदेश के 39 सांदीपनि विद्यालयों में 108 प्री-प्राइमरी हेल्पर (सहायिकाओं) की सेवाएं आउटसोर्स के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएंगी।
लोक शिक्षण संचालनालय के अपर संचालक द्वारा 7 जुलाई 2026 को जारी पत्र में उद्यमिता विकास केंद्र मध्यप्रदेश (सेडमैप) को निर्देशित किया गया है कि संबंधित विद्यालयों में आवश्यक अतिरिक्त मानव संसाधन उपलब्ध कराया जाए। आदेश के अनुसार सभी चयनित सहायिकाओं की तैनाती 15 जुलाई 2026 से सुनिश्चित की जाएगी।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि सेडमैप द्वारा सांदीपनि विद्यालयों को अतिरिक्त मैनपावर उपलब्ध कराने पर सहमति प्रदान की गई है। इसके तहत संलग्न सूची के अनुसार 39 विद्यालयों में कुल 108 सहायिकाओं की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि सहायिकाओं का चयन संचालनालय के पूर्व जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाए।
इस संबंध में आदेश की प्रतिलिपि स्कूल शिक्षा विभाग, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग, उद्यमिता विकास केंद्र (सेडमैप), सभी संभागीय संयुक्त संचालकों, जिला शिक्षा अधिकारियों तथा संबंधित सांदीपनि विद्यालयों के प्राचार्यों को भी प्रेषित की गई है।
शिक्षा विभाग के इस निर्णय से सांदीपनि विद्यालयों में बच्चों की देखभाल, स्वच्छता एवं दैनिक गतिविधियों के संचालन में सहायता मिलेगी तथा विद्यालयों की व्यवस्थाएं और अधिक सुचारु हो सकेंगी।

