जबलपुर में पुलिस वालों ने खुद कानून को बनाया तमाशा, देखिए यह खबर



हमारा इंडिया न्यूज (हर पल-हर खबर) मध्यप्रदेश/जबलपुर। खितौला। खाकी पहनने का मतलब कानून की रक्षा करना है, न कि उसकी आड़ में अपनी दबंगई दिखाना। लेकिन जब कानून की रखवाली करने वालों पर ही सड़क पर गुंडागर्दी करने, गाली-गलौज और मारपीट के आरोप लगने लगें तो पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और अनुशासन पर सवाल उठना लाजिमी है। खितौला में सामने आया एक मामला कुछ ऐसे ही गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। यहां सिगरेट की राख (गुल) अपने ऊपर गिरने का विरोध करना एक एलएलबी छात्र को भारी पड़ गया। आरोप है कि कार में सवार तीन युवकों ने छात्र को घेरकर न केवल मां-बहन की अश्लील गालियां दीं, बल्कि हाथ-मुक्कों से जमकर मारपीट भी की। चौंकाने वाली बात यह है कि शिकायतकर्ता के मुताबिक, मारपीट करने वाले तीनों युवक पुलिस विभाग में पदस्थ हैं। इनमें एक जबलपुर पुलिस लाइन में और दो कटनी जिले के थाना क्षेत्रों में तैनात बताए जा रहे हैं।

राख का विरोध किया तो शुरू हो गई दबंगई:-

पीड़ित खितौला निवासी एलएलबी छात्र तन्मय मिश्रा ने अपनी शिकायत में बताया कि 5 नवंबर 2026 की रात करीब 8:40 बजे वह मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 20 एनजी 0818 से जबलपुर से अपने घर लौट रहा था। बरनू तिराहे के आगे एक कार क्रमांक एमपी 21 जेडसी 1164 में सवार युवक कार का शीशा खोलकर सिगरेट की राख सड़क पर फेंक रहे थे, जो सीधे उसके ऊपर आ गिरी। छात्र ने केवल इतना कहा कि इस तरह चलती गाड़ी से राख फेंकना गलत है। लेकिन समझाइश का जवाब देने के बजाय कार सवार तीनों युवकों ने गाड़ी किनारे रोक दी।


तीन युवक एक छात्र पर टूट पड़े:-

शिकायत के मुताबिक, छात्र के रुककर बात करने पर तीनों युवक गाली-गलौज करने लगे। जब उसने इसका विरोध किया तो तीनों ने एक साथ उस पर हमला कर दिया। हाथ-मुक्कों से की गई मारपीट में छात्र की बाईं आंख के नीचे चोट आई। जान बचाने के लिए छात्र को मौके से भागना पड़ा। आरोप है कि हमलावर जाते-जाते उसे जान से मारने की धमकी भी दे गए और कार से कटनी की ओर रवाना हो गए।


थाने पहुंचा तो सामने आई पुलिस विभाग की पहचान:-

घटना के बाद छात्र और पीड़ित तन्मय मिश्रा ने अपने मित्र सुमित तिवारी और संदीप पाण्डेय को पूरी बात बताई। इसके बाद उनके साथ शिकायत लेकर थाने पहुंचा। यहां उसे जानकारी मिली कि घटना में शामिल बताए जा रहे तीनों युवक पुलिस विभाग में पदस्थ हैं। अब सवाल यह है कि क्या पुलिस विभाग में पदस्थ होने का मतलब आम नागरिक के साथ मनमानी करने का अधिकार मिल जाना है? क्या किसी नागरिक को गलत बात का विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी झेलनी पड़ेगी?


खाकी की आड़ में दबंगई बर्दाश्त होगी या होगी निष्पक्ष कार्रवाई:-

यह मामला महज सड़क पर हुए विवाद तक सीमित नहीं है। यह पुलिस विभाग के अनुशासन, जवाबदेही और आम नागरिक के सम्मान से जुड़ा मामला है। पुलिसकर्मियों का काम अपराध रोकना है, न कि स्वयं किसी विवाद में मारपीट के आरोपों से घिरना। यदि शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय और कानूनी कार्रवाई में कोई ढिलाई नहीं होनी चाहिए। अब निगाहें पुलिस अधीक्षक और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों पर टिकी हैं। क्या इस मामले में निष्पक्ष जांच होगी? क्या आरोपों की गंभीरता को देखते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका की पड़ताल की जाएगी? या फिर खाकी से जुड़े होने के कारण मामला ठंडे बस्ते में चला जाएगा।



Post a Comment

Previous Post Next Post

Connect With us