सम्मेलन में हृदय रोगों की रोकथाम, कोलेस्ट्रॉल के बेहतर प्रबंधन और आधुनिक क्लिनिकल लिपिडोलॉजी से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर देश-विदेश के विशेषज्ञ चर्चा करेंगे। विशेषज्ञ नवीनतम चिकित्सा शोध, उपचार की आधुनिक पद्धतियों और अपने चिकित्सकीय अनुभवों को साझा करेंगे।
सम्मेलन की खास बात यह है कि अमेरिका सहित विभिन्न देशों के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ जबलपुर पहुंचकर वैज्ञानिक सत्रों में हिस्सा लेंगे। अमेरिका से डॉ. पी. बार्टन डुएल और डॉ. नाथन डी. वोंग विशेष रूप से शामिल होंगे। भारत से डॉ. रमन पुरी सहित देश के विभिन्न शहरों के वरिष्ठ विशेषज्ञ भी सम्मेलन में अपनी विशेषज्ञता साझा करेंगे।
देश-विदेश के विशेषज्ञों से होगा सीधे संवाद:-
इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन से जबलपुर और आसपास के चिकित्सकों को देश-विदेश के विशेषज्ञों से सीधे संवाद करने का अवसर मिलेगा। साथ ही हृदय रोगों की रोकथाम, कोलेस्ट्रॉल नियंत्रण और आधुनिक उपचार पद्धतियों से संबंधित नवीनतम जानकारी चिकित्सकों तक पहुंचेगी।
जबलपुर के विशेषज्ञों की भी महत्वपूर्ण भूमिका
अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के आयोजन में जबलपुर के विशेषज्ञों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। डायबिटीज एवं थायराइड विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक श्रीवास्तव सम्मेलन के आयोजन सचिव हैं। वे सम्मेलन की अकादमिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं के समन्वय की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
वहीं गोल्डन हार्ट हॉस्पिटल, जबलपुर के निदेशक एवं वरिष्ठ हृदयरोग विशेषज्ञ डॉ. पुष्पराज पटेल सम्मेलन के वैज्ञानिक अध्यक्ष हैं। वे सम्मेलन के वैज्ञानिक कार्यक्रम को नवीनतम चिकित्सा शोध और विशेषज्ञों के अनुभवों से समृद्ध करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बढ़ेगी शहर की पहचान:-
जबलपुर में पहली बार होने वाली यह अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी चिकित्सा शिक्षा और वैज्ञानिक संवाद की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सम्मेलन में विशेषज्ञों के बीच विचारों और अनुभवों का आदान-प्रदान होगा। इससे स्थानीय चिकित्सकों को हृदय रोग और कोलेस्ट्रॉल प्रबंधन के क्षेत्र में हो रही नवीनतम प्रगति से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।
आयोजकों के अनुसार, इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक आयोजनों से जबलपुर में चिकित्सा शिक्षा और शोध को बढ़ावा मिलने के साथ ही शहर की पहचान राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय चिकित्सा संवाद के क्षेत्र में और मजबूत होने की उम्मीद है।
