उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं का शुभारंभ, पढ़िए यह खबर

प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में आज होम साइंस कॉलेज में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया तथा विश्व बैंक परियोजना के तहत 866 लाख रूपये से महाविद्यालयीन भवन के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री कोमल चंद जैन, विधायक श्री अशोक रोहाणी, श्री विनय सक्सेना, कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी, कुलपति रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय डॉ. कपिल देव मिश्र, विश्व विद्यालय आयोग के सदस्य डॉ. विश्वास चौहान, संयुक्त संचालक लीलावती भलावी व प्राचार्य सहित महाविद्यालयीन परिवार के सदस्य उपस्थित थे।


मंत्री श्री यादव ने कहा कि आजादी के लड़ाई में अलग- अलग समय में अलग- अलग स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। स्वतंत्रता संग्राम की उस गौरव गाथा को आजादी के अमृत महोत्सव में नई पीढ़ी को अवगत कराने के लिये कई कार्यक्रम किये जा रहे है, जिससे वे अपने देश की गौरव गाथा से परिचित हो सकें। देश के अंदर विभिन्न क्षेत्रों में इस संबंध में स्वाभिमान जागे और अपनी विशेषताओं को जानें। भारत के सशक्त लोकतंत्र के कारण दुनिया में पहचान बनी हुई है। हमारी संस्कृति समरसता मूलक है तभी तो कोरोना काल में जियो और जीने दो के सिद्धांत पर अनेक देशों में सहायता दी गई। हमारे कार्य, हमारी संस्कृति हमारे व्यवहार के संवाहक हैं जो राष्ट्र हित व स्वाभिमान के साथ हमारी सांस्कृतिक विशेषताओं से हमारी पहचान बनाती हैं और इसे अमृत महोत्सव के दौरान नई पीढ़ी जाने-समझे। विधायक श्री रोहाणी ने कहा कि हमारी कला, संस्कृति व इतिहास के बारे में युवा पीढ़ी को पता चले, इसलिए अमृत महोत्सव के दौरान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा की संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं से जो परिणाम आयेंगे वे देश के भविष्य होंगे। विधायक विनय सक्सेना ने कहा कि चाहे कहीं भी हो अच्छे काम की तारीफ होनी चाहिए, आजादी के अमृत महोत्सव के बारे में नई पीढ़ी को बताना होगा कि, स्वतंत्रता संग्राम की कहानी हम सब हिन्दूस्तानियों का है। उन्होंने कहा कि आजादी के मतवाले आगे आयें और देश को आगे ले चलें। भारत को विश्व गुरू बनाने में युवाओं का बड़ा योगदान होगा। इस अवसर पर उन्होंने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं भी दी। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्जवलित कर किया गया। स्वागत भाषण संयुक्त संचालक डॉ. भलावी ने दी तथा आभार प्रदर्शन संस्था के प्राचार्य द्वारा दिया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Technology

Connect With us