देश में अद्भुत होगा नर्मदा कॉरिडोर - मुख्यमंत्री श्री चौहान,गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित सांस्कृतिक, कार्यक्रम में गायक शान, इशिता ने बिखेरा सुरों का जादू



हमारा इंडिया न्यूज (हर पल हर खबर) मध्यप्रदेश/जबलपुर।मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा है विकास की दौड़ में जबलपुर आगे है। भोपाल से ज्यादा विकास जबलपुर में हो रहा है। उन्होंने कहा कि माँ नर्मदा हमारी जीवनदायिनी है। नर्मदा तट पर आने वाले लोगों की बड़ी संख्या को देखते हुए उनकी सहूलियत के लिए सारे घाटों को जोड़ते हुए नर्मदा कॉरिडोर बनाया जाएगा। यह देश का अद्भुत कॉरिडोर होगा। 

     मुख्यमंत्री आज यहाँ गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर आयुर्वेद कॉलेज ग्राउंड ग्वारीघाट में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रख्यात गायक शांतनु मुखर्जी उर्फ शान ने अपनी आवाज का जादू बिखेरा।





मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कार्यक्रम में आगे कहा कि मैं यहां चुनौती देने आया हूँ, जबलपुर इंदौर से कम नही है। संकल्प लें कि स्वच्छता में जबलपुर को नम्बर एक बनाएंगे। उन्होंने कहा कि इस पुनीत कार्य मे सभी को सहयोग देना होगा। यह चुनौती स्वीकार करें कि नगर निगम , प्रशासन व सरकार के साथ मिलकर जबलपुर को स्वच्छता में नम्बर एक बनाएंगे। श्री चौहान ने कहा  कि जबलपुर में कोई कमी नही है। यहां त्रिपुरी जैसी जगह है जहां नेताजी सुभाषचंद्र बोस ने हुंकार भरी थी। संकल्प लें कि जबलपुर हर क्षेत्र में नम्बर एक बनेगा।

       मुख्यमंत्री के साथ उनकी धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह, सांसद श्री राकेश सिंह, राज्य सभा सदस्य श्रीमती सुमित्रा बाल्मीकि, विधायक श्री अजय विश्नोई, विधायक श्री अशोक रोहाणी, पूर्व मंत्री श्री हरेन्द्रजीत सिंह बब्बू, पूर्व विधायक श्रीमती प्रतिभा सिंह , श्री अभिलाष पांडे आदि मौजूद थे।




मुख्यमंत्री ने गाया गीत-

  सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने गायक शान व जनता की फरमाइश पर गीत भी गाया। मुख्यमंत्री ने जब नदिया चले,चले रे धारा, तुझको चलना होगा गीत गाया तो उपस्थितजनों में उत्साह की लहर दौड़ गई। जमकर तालियां बजीं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर शान का सम्मान भी किया। 

कार्यक्रम की शुरुआत रात 8.30 बजे जबलपुर की उदीयमान गायिका इशिता विश्वकर्मा ने ऐ मेरे वतन के लोगों गीत गाकर की। जबलपुर की नन्ही गायिका रत्निका श्रीवास्तव ने भी अपने मधुर गायन से उपस्थितजनों को मुग्ध कर दिया।

छा गए शान-

शान ने जरा देखो कौन आ गया है, जमाने पर छा गया, मैं हूँ डॉन से शुरुआत कर लोगों को सीट से खड़े करने पर मजबूर कर दिया।ओम शांति ओम, चार कदम बस चार कदम चल दो न साथ मेरे, आदेश श्रीवास्तव का संगीतबद्ध गीत ये हवाएं जुल्फों में तेरी गाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद चालू हुआ सुरों का कारवां जब से तेरे नैना मेरे नैनों से...तन्हा तन्हा सा मन,बहकी बहकी सी हवाएं,सजाऊंगा लूट कर भी तेरे बदन की लाली को,पहली बार जब हम मिले, वो हाथों में हाथ हम चले जैसे, तलवारों पर सिर वार दिए, वंदे मातरम, सबसे आगे होंगे हिंदुस्तानी जैसे शानदार  गीतों के साथ बढ़ता चला गया। जैसे जैसे रात ढलती गई, शान के गीतों का जादू श्रोताओं के सिर चढ़कर बोला।

   शान की जबलपुर में प्रसिद्धि का अंदाजा बुधवार को हुआ। शान के गाए हर गीत के साथ कार्यक्रम स्थल पर मौजूद उनके युवा फैंस खड़े होकर थिरकते नजर आए। गीतों की धुन के साथ युवा तालियों की थाप से स्वर मिलाते रहे। लाइव वीडियो और सेल्फी का दौर भी खूब चला। शान ने मुख्यमंत्री के आगमन के पूर्व पण्डित जसराज का गाया नर्मदा माता का गीत

माँ को शीश झुकाना है, चलो चलो, अंचल की शरण में जाना है चलो चलो, नमामि देवी नर्मदे गाया तो नर्मदा मा के सम्मान में उपस्थित लोग खड़े हो गए। उन्होंने जब मध्यप्रदेश गान,सुख का दाता सबका साथी मेरा मध्यप्रदेश है गाया तो देर तक तालियां बजती रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Technology

Connect With us