हमारा इंडिया न्यूज (हर पल-हर खबर) मध्यप्रदेश/जबलपुर। संस्कारधानी में चिकित्सा जगत को हैरान कर देने वाला एक बेहद दुर्लभ मामला सामने आया है। एस.एस. मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 22 वर्षीय युवती के पेट से 22 किलोग्राम वजनी विशाल इंट्रा एब्डोमिनल पेल्विक ट्यूमर को सफलतापूर्वक बाहर निकाला गया। ट्यूमर का आकार और वजन देखकर अनुभवी डॉक्टरों की टीम भी चौंक गई।
यह चुनौतीपूर्ण सर्जरी एसएस मेडिकल कॉलेज की विशेषज्ञ सर्जिकल टीम द्वारा की गई, जो करीब 3 घंटे तक चली। ऑपरेशन के बाद युवती को आईसीयू में निगरानी में रखा गया है और उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
6 महीने से दर्द, बढ़ता गया पेट
जबलपुर जिले के कुंडम क्षेत्र की रहने वाली 22 वर्षीय आसनी गोंड पिछले छह महीनों से पेट दर्द की गंभीर समस्या से जूझ रही थी। शुरुआत में उसने गांव के डॉक्टरों से इलाज कराया, जिससे थोड़ी राहत मिली, लेकिन दर्द लगातार बढ़ता गया। समय के साथ पेट का आकार भी असामान्य रूप से बढ़ने लगा, जिससे परिवार की चिंता बढ़ गई।
कई जगह इलाज कराने के बाद भी जब आराम नहीं मिला, तो 12 दिसंबर को युवती आसनी को एसएस मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां सर्जरी विभाग के प्रोफेसर डॉक्टर अर्जुन सक्सेना ने जांच की। विभिन्न जांचों के बाद यह स्पष्ट हुआ कि युवती के पेट में विशाल इंट्रा एब्डोमिनल पेल्विक ट्यूमर मौजूद है।
3 घंटे की जटिल सर्जरी, सफल रहा ऑपरेशन
लगातार तीन दिन तक जांच और मूल्यांकन के बाद डॉक्टरों ने ऑपरेशन का निर्णय लिया। परिजनों की सहमति के बाद सर्जिकल विभाग के डॉक्टर अर्जुन सक्सेना ने अपनी अनुभवी टीम के साथ ऑपरेशन शुरू किया। करीब तीन घंटे चली इस जटिल शल्यक्रिया में युवती के पेट से 22 किलो का विशाल ट्यूमर सफलतापूर्वक निकाला गया। सर्जरी के बाद युवती को अस्पताल के सेमी क्लोज़ आईसीयू में भर्ती किया गया, जहां डॉ. शुभा सिंघई की निगरानी में इलाज जारी है।
अब हल्का महसूस हो रहा
ऑपरेशन के बाद राहत की सांस ले रही आसनी गोंड ने बताया कि ऑपरेशन से पहले हालत बहुत खराब थी। बिस्तर से उठना मुश्किल हो गया था। पेट में वजन इतना बढ़ गया था कि कुछ समझ नहीं आता था, बस दर्द रहता था। अब ऑपरेशन के बाद बहुत हल्का महसूस कर रही हूं।
30 साल के करियर में पहली बार ऐसा केस
डॉ. अर्जुन सक्सेना ने बताया कि यह सर्जरी बेहद जटिल और दुर्लभ थी। उन्होंने कहा मेरे लगभग 30 वर्षों के सर्जिकल करियर में यह पहला मामला है, जिसमें 22 वर्षीय युवती के पेट से 22 किलो का ट्यूमर निकाला गया हो। संभवतः यह मध्यप्रदेश का पहला या दूसरा ऐसा केस है। फिलहाल मरीज की हालत अच्छी है और जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ होकर घर जा सकेगी।
इस दुर्लभ सर्जरी का मामला चिकित्सा क्षेत्र में एक मिसाल बनकर सामने आया है।